प्रयागराज,31/जनवरी/2019/ITNN>>> मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कुंभ मेला क्षेत्र का दौरा कर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत और विभिन्न साधु-संतों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले झूंसी स्थित राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यालय में संघ प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात की। संघ सूत्रों ने बताया कि योगी और भागवत की भेंट करीब डेढ़ घंटे तक चली।
संघ प्रमुख से मिलने के बाद मुख्यमंत्री पुरी पीठाधीश्वर स्वामी निश्चलानंद सरस्वती से मिले। उन्होंने पीठाधीश्वर को राम मंदिर पर सरकार के रुख से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने महंत नृत्यगोपाल दास जी से भी भेंट की। अंत में वह जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि से मिले। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण,गो,गंगा समेत अन्य मुद्दों पर विश्व हिन्दू परिषद आज से दो दिवसीय की धर्म संसद कर रही है।
इसमें हिस्सा लेने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक मोहन भागवत बुधवार को ही कुंभ मेला क्षेत्र में पहुंच गए थे। योगगुरु बाबा रामदेव, जूनापीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि,गोविन्द गिरि,स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती,चिदानंद मुनि,माता अमृतामयी,जैन सम्प्रदाय के संत कमल मुनि,हंसदेवाचार्य,निम्बार्काचार्य,अखाड़ों के प्रतिनिधि,महामंडलेश्वर समेत पांच हजार लोग शामिल हो रहे हैं।
विहिप के सेक्टर-14 स्थित शिविर में हो रही धर्म संसद में सबरीमाला मंदिर में यथास्थिति बनाए रखने,सामाजिक समरसता आदि मुद्दे भी रखे जाएंगे। संतों की ओर से भी मुद्दे विचार के लिए रखे जा सकते हैं। धर्म संसद में विहिप के केंद्रीय अध्यक्ष वीएस कोकजे,कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार,केंद्रीय महामंत्री संगठन विनायक राव देशपांडेय,केंद्रीय उपाध्यक्ष चम्प राय,केंद्रीय महामंत्री मिलिंद परांदे, केंद्रीय संत सम्पर्क प्रमुख अशोक तिवारी,केंद्रीय मार्गदर्शक मंडल के संयोजक जीवेश्वर मिश्रा आदि पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।