भोपाल : मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर 1 नवम्बर 2025 की शाम, लाल परेड ग्राउंड भोपाल का आसमान 2000 ड्रोन की जगमगाहट से निखर उठा। राज्य सरकार द्वारा आयोजित इस शानदार ड्रोन शो ने “अभ्युदय मध्यप्रदेश 2047” के कॉन्सेप्ट को सजीव रूप में प्रस्तुत किया।
शाम 7:00 बजे शुरू हुए इस 15 मिनट लंबे शो ने मध्यप्रदेश की गौरवशाली विरासत, संस्कृति और विकास यात्रा को रोशनी और तकनीक के अद्भुत संगम के रूप में प्रदर्शित किया। “विरासत से विकास की ओर” थीम पर आधारित इस आयोजन का संचालन मेपकॉस्ट के जरिये कन्सेप्ट कम्युनिकेशन्स लिमिटेड ने किया, जो सेंट्रल इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट अर्पित गोयल के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।
ड्रोन शो में 3D फॉर्मेशन के जरिए मध्यप्रदेश की परंपरा, प्रगति और नवाचार को आकाश में साकार किया गया। शो की मुख्य फॉर्मेशन में शामिल रहे –
1. भारत का मानचित्र और मध्यप्रदेश के जिलों का चित्रण
2. प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की आकृतियाँ
3. सूर्य उदय के साथ “अभ्युदय मध्यप्रदेश 2047”
4. महाकाल मंदिर एवं शिवलिंग की आरती
5. लोक कला एवं मांडने
6. छलांग लगाता हुआ बाघ
7. खेत एवं कृषि दृश्य
8. उद्योग एवं MP Investors’ Summit का लोगो
9. हाइवे, मेट्रो एवं हवाई जहाज
10. “जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान, जय अनुसंधान”
11. वेधशाला
12. अलौकिक सिंहस्थ 2028
13. अंतिम प्रस्तुति – “अभ्युदय मध्यप्रदेश”
आकाश में रोशनी के इन जीवंत दृश्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा लाल परेड ग्राउंड “जय मध्यप्रदेश” के नारों से गूंज उठा। यह शानदार ड्रोन शो न केवल प्रदेश की सांस्कृतिक समृद्धि का प्रतीक रहा, बल्कि “अभ्युदय मध्यप्रदेश 2047 ” की दिशा में राज्य के आत्मविश्वास, नवाचार और विकासशील दृष्टिकोण को भी उजागर करता नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को और भी रंगीन बनाया। आयोजन की विशेष झलकियां राज्य भर में लाइव प्रसारित की गईं।
अर्पित गोयल के नेतृत्व में कन्सेप्ट कम्युनिकेशन द्वारा संकल्पित यह ड्रोन शो तकनीक और परंपरा के संगम का एक अनूठा उदाहरण साबित हुआ, जिसने मध्यप्रदेश के विकास की नई पहचान गढ़ दी।


























