भोपाल, 13 नवम्बर 2025 : राजधानी भोपाल में आज से आरंभ हुए केरल फेस्ट 2025 का शुभारंभ मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने किया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर यूनाइटेड मलयाली एसोसिएशन, भोपाल के अध्यक्ष ओ. डी. जोसफ, शासन सचिव जॉन किसले, मलयाली समाज के सदस्य एवं अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि मलयाली समाज देश के सबसे कर्तव्यनिष्ठ और रचनात्मक समुदायों में से एक है। उन्होंने कहा कि केरल ने साक्षरता और स्वच्छता के क्षेत्र में देश में अग्रणी स्थान प्राप्त किया है, जिसका श्रेय मलयाली समाज की मेहनत और समर्पण को जाता है।
तोमर ने कहा कि भोपाल में बड़ी संख्या में रह रहा मलयाली समाज अपनी संस्कृति, परंपरा और भाषा को जीवंत बनाए रखने में सराहनीय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने *यूनाइटेड मलयाली एसोसिएशन* के प्रयासों की भी प्रशंसा की।
कार्यक्रम स्थल पर केरल की संस्कृति, पारंपरिक व्यंजन और उत्पादों की झलक से पूरा परिसर मिनी केरल में तब्दील नजर आया।


























